ब्रेकिंग न्यूज़
सोमनाथ में श्रद्धा और शक्ति का सैलाब: पीएम मोदी ने डमरू बजाकर और त्रिशूल थामकर किया 'शौर्य यात्रा' का शंखनाद
ताजा खबर ताजा खबर

वाराणसी में पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी, 50 केंद्रों पर 1.32 लाख अभ्यर्थी ठोकेंगे ताल

by on | 2026-06-05 19:15:56

Share: Facebook | Twitter | WhatsApp | LinkedIn Visits: 3199


वाराणसी में पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी, 50 केंद्रों पर 1.32 लाख अभ्यर्थी ठोकेंगे ताल


बेबाक 24 डिजिटल डेस्क, वाराणसी।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर वाराणसी कमिश्नरेट और जिला प्रशासन पूरी तरह 'एक्शन मोड' में है। परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पूरी तरह नकलविहीन संपन्न कराने के लिए मुकम्मल चक्रव्यूह तैयार कर लिया गया है।

​तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए यातायात लाइन स्थित सभागार में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में एक हाई-लेवल समन्वय बैठक हुई। इस बैठक में पुलिस, प्रशासन, शिक्षा, परिवहन, स्वास्थ्य, नगर निगम और विद्युत विभाग के आला अधिकारियों ने हिस्सा लिया और सुरक्षा से लेकर बुनियादी सुविधाओं तक का खाका खींचा।

​ 3 दिन, 6 पालियां और 1.32 लाख से अधिक जांबाज

​यह महापरीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित की जा रही है।

शिड्यूल: परीक्षा हर दिन दो पालियों में होगी।


पहली पाली: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।


दूसरी पाली: दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक।


आंकड़े: वाराणसी कमिश्नरेट में कुल 50 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। हर पाली में करीब 22,032 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेंगे। यानी तीन दिनों की कुल 6 पालियों में 1,32,192 अभ्यर्थी खाकी पहनने के अपने सपने को पूरा करने के लिए भाग्य आजमाएंगे।


​ परिंदा भी नहीं मार पाएगा पर: ड्रोन, सीसीटीवी और साइबर सेल का कड़ा पहरा

​परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने तकनीक का तगड़ा 'सुरक्षा कवच' तैयार किया है।

​सभी केंद्रों की सीसीटीवी, वीडियोग्राफी और ड्रोन से निगरानी होगी।


​ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मी बॉडी-वॉर्न कैमरों से लैस रहेंगे।


सॉल्वर गैंग, नकल माफिया और फर्जी अभ्यर्थियों पर एलआईयू (LIU) और एसटीएफ (STF) की पैनी नजर है।


​सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक खबरें फैलाने वाले 'अराजक तत्वों' से निपटने के लिए साइबर सेल को चौबीस घंटे एक्टिव रहने का निर्देश दिया गया है।


​ स्टेशन से लेकर सेंटर तक चाक-चौबंद रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था

​इतनी बड़ी संख्या में आ रहे अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और प्रमुख चौराहों पर विशेष सुरक्षा व यातायात (Traffic) प्लान लागू किया गया है। केंद्रों के बाहर सुचारू पार्किंग, पीने के पानी, मेडिकल कैंप और मार्गदर्शन केंद्रों (Help Desks) की व्यवस्था की गई है ताकि तपती गर्मी में अभ्यर्थियों को कोई असुविधा न हो।

​ प्रशासन की अपील: अफवाहों से बचें, समय से पहुंचें

​अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा और डीएम सत्येंद्र कुमार ने अभ्यर्थियों से साफ तौर पर अपील की है कि वे परीक्षा शुरू होने के तय समय से काफी पहले केंद्रों पर पहुंचें। केवल अनुमन्य (अलाउड) सामग्री ही साथ लाएं। किसी भी तरह के 'झांसे या अफवाह' में न आएं। अगर कोई ठग या सॉल्वर गैंग का सदस्य संपर्क करने की कोशिश करे, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस या कंट्रोल रूम को दें।

बेबाक टिप्पणी: प्रशासन का संकल्प साफ है—मेहनत करने वाले युवाओं को उनका हक मिलेगा और परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन माहौल में संपन्न होगी। सेंधमारी की कोशिश करने वालों के लिए सलाखें तैयार हैं।




Search
Recent News
Top Trending
Most Popular

Leave a Comment