ब्रेकिंग न्यूज़
पीएम मोदी ने छात्रों के लिए रोका अपना काफिला: नीट परीक्षा के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर 45 मिनट रुके
अपराध अपराध

वाराणसी एयरपोर्ट पर फर्जी भारतीय पासपोर्ट के साथ अफगानिस्तानी नागरिक गिरफ्तार, शारजाह भागने की फिराक में था आरोपी

by on | 2026-07-20 20:39:28

Share: Facebook | Twitter | WhatsApp | LinkedIn Visits: 3096


वाराणसी एयरपोर्ट पर फर्जी भारतीय पासपोर्ट के साथ अफगानिस्तानी नागरिक गिरफ्तार, शारजाह भागने की फिराक में था आरोपी

वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (बाबतपुर) पर इमिग्रेशन विभाग की सतर्कता से एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। अधिकारियों ने शारजाह जाने की कोशिश कर रहे एक अफगानिस्तानी नागरिक को फर्जी भारतीय पासपोर्ट और दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर मुंबई से भारतीय पासपोर्ट और अन्य पहचान पत्र बनवाए थे।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाराणसी से शारजाह जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (IX-183) के यात्रियों की नियमित इमिग्रेशन जांच के दौरान अधिकारियों को एक यात्री के हाव-भाव और दस्तावेजों पर संदेह हुआ। कड़ाई से की गई पूछताछ में यात्री ने अपनी असलियत कबूल कर ली। आरोपी की पहचान अफगानिस्तान के गजनी प्रांत निवासी अब्दुल रहमान ताराकी के रूप में हुई है।

मेडिकल वीजा पर आया था भारत

जांच में खुलासा हुआ कि अब्दुल रहमान जनवरी 2019 में मेडिकल अटेंडेंट वीजा पर भारत आया था। अप्रैल 2019 में वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी वह स्वदेश नहीं लौटा और अवैध रूप से देश में रहने लगा। भारत में अपनी मौजूदगी छिपाने और विदेश यात्रा को आसान बनाने के लिए उसने अपना नाम, जन्मतिथि और परिजनों का विवरण बदलकर 'रहमान शाह' नाम से मुंबई क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से फर्जी पासपोर्ट हासिल कर लिया।

फर्जी आधार और पैन कार्ड समेत विदेशी मुद्रा बरामद

इमिग्रेशन अधिकारियों ने आरोपी के पास से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस और जन्म प्रमाण पत्र बरामद किए हैं। इसके अलावा उसके पास से दो मोबाइल फोन, 750 अमेरिकी डॉलर, 2255 यूएई दिरहम, 2060 अफगानी मुद्रा और 3110 रुपये भारतीय नकद मिले हैं।

नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन की तहरीर पर फूलपुर थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), पासपोर्ट अधिनियम तथा आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फूलपुर थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा और जांच एजेंसियां अब इस बात की तफ्तीश में जुटी हैं कि भारत में उसे फर्जी दस्तावेज और पासपोर्ट बनवाने में किन-किन लोगों ने मदद की थी। पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।



Search
Recent News
Top Trending
Most Popular

Leave a Comment