ब्रेकिंग न्यूज़
सोमनाथ में श्रद्धा और शक्ति का सैलाब: पीएम मोदी ने डमरू बजाकर और त्रिशूल थामकर किया 'शौर्य यात्रा' का शंखनाद
ताजा खबर ताजा खबर

इनामी बदमाश के एनकाउंटर पर भड़की भीड़, पुलिस पर पथराव, सीओ सिटी का सिर फटा

by on | 2026-06-04 21:01:47

Share: Facebook | Twitter | WhatsApp | LinkedIn Visits: 3317


इनामी बदमाश के एनकाउंटर पर भड़की भीड़, पुलिस पर पथराव, सीओ सिटी का सिर फटा


​- विनीत राय हत्याकांड के आरोपी कमलेश चौधरी के शव को फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग पर रख किया चक्काजाम

​- उपद्रवियों के आगे शुरुआत में भाग खड़े हुए पुलिसकर्मी, भारी फोर्स ने लाठियां भांजकर हालात पर पाया काबू

बेबाक 24 ब्यूरो, गाजीपुर।

बहुचर्चित विनीत राय हत्याकांड के मुख्य आरोपी व एक लाख रुपये के इनामी बदमाश कमलेश चौधरी के पुलिस एनकाउंटर में ढेर होने के बाद गुरुवार को गाजीपुर का फुल्लनपुर इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही कमलेश का शव गांव पहुंचा, ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। फर्जी एनकाउंटर का आरोप लगाते हुए करीब 300 से अधिक ग्रामीणों ने शव को फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ पथराव कर दिया, जिसमें क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी शेखर सेंगर का सिर फट गया, जबकि कई महिला पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

दुकानों के गिरे शटर, घरों में दुबके लोग

गुरुवार को शव गांव पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, तो भीड़ में शामिल महिलाओं और पुरुषों ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटना और पथराव करना शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मी जान बचाकर भागने लगे। उग्र उपद्रव को देख फुल्लनपुर और गोड़ा शहरी कॉलोनी मोड़ की तमाम दुकानों के शटर धड़ाधड़ बंद हो गए। लोग खौफ के मारे अपने घरों के दरवाजे बंद कर अंदर दुबक गए।

होमगार्ड ऑफिस में छिपकर बचाई जान

पथराव से बचने के लिए कई पुलिसकर्मी भागकर पास के होमगार्ड ऑफिस में छिप गए, लेकिन उपद्रवी उन्हें खदेड़ते हुए दफ्तर तक पहुंच गए और वहां भी जमकर पत्थर बरसाए। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों की योजना पहले शव को 'हॉटल बिंदु' के सामने रखकर बड़ा बवाल करने की थी, लेकिन ऐन वक्त पर उन्होंने रणनीति बदलकर रेलवे क्रॉसिंग को निशाना बनाया।

फोर्स ने संभाला मोर्चा, पुलिस अभिरक्षा में हुआ अंतिम संस्कार

शुरुआती झटके के बाद भारी संख्या में बॉडी प्रोटेक्टर और दंगारोधी उपकरणों से लैस पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए उपद्रवियों को दौड़ा-दौड़ा कर खदेड़ा, जिससे भगदड़ मच गई। ग्रामीण शव को सड़क पर ही छोड़कर भाग खड़े हुए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर एम्बुलेंस से सीधे शमशान घाट पहुंचाया, जहां भारी पुलिस सुरक्षा और परिजनों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसपी

"पथराव करने वाले उपद्रवियों को चिह्नित किया जा रहा है। सीओ सिटी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इस मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो नजीर बनेगी। किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।"

— डॉ. ईरज राजा, पुलिस अधीक्षक, गाजीपुर



Search
Recent News
Top Trending
Most Popular

Leave a Comment