ब्रेकिंग न्यूज़
सोमनाथ में श्रद्धा और शक्ति का सैलाब: पीएम मोदी ने डमरू बजाकर और त्रिशूल थामकर किया 'शौर्य यात्रा' का शंखनाद
अपराध अपराध

गाजीपुर हत्याकांड: वारदात से छह घंटे पहले ही शूटरों को सौंप दी गई थीं तीन पिस्टलें

by on | 2026-06-01 01:05:26

Share: Facebook | Twitter | WhatsApp | LinkedIn Visits: 3206


गाजीपुर हत्याकांड: वारदात से छह घंटे पहले ही शूटरों को सौंप दी गई थीं तीन पिस्टलें


हनी राय मर्डर केस में बड़ा खुलासा, अवैध असलहा बेचकर जुटाई गई रकम से हुई थी पार्टी


मृतक के पिता का आरोप- कोतवाली के दारोगा को शूटर ने दिए थे महंगे उपहार, पुलिस संरक्षण में फल-फूल रहा था कटरा गैंग


गाजीपुर (मुख्य संवाददाता)।

पूर्वांचल के चर्चित विनीत उर्फ हनी राय हत्याकांड में नित नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कटरा गैंग के कुख्यात सरगना शंकर पांडेय ने वारदात को अंजाम देने से करीब छह घंटे पहले ही अपने साथी कमलेश चौधरी को .32 बोर की तीन देशी पिस्टलें सौंप दी थीं। पुलिस को अंदेशा है कि हत्या में इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल किया गया था।

​जांच में यह बात भी सामने आई है कि घटना वाले दिन दोपहर लगभग दो बजे शंकर पांडेय ने किसी ग्राहक को एक अवैध हथियार बेचा था, जिससे उसे पांच हजार रुपये मिले थे। इसके बाद गैंग के सदस्यों ने फुल्लनपुर इलाके में शराब और मांस की पार्टी की। सूत्रों का कहना है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से 'होटल बिंदु' के संचालक आलोक राय और उनके बेटों की रेकी की थी और पूर्ण रूप से नशे में होने के बाद इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया।

​गिरोह को मिल रहा है 'अमीरजादों' का संरक्षण

​सूत्रों का दावा है कि कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय के पीछे आर्थिक रूप से मजबूत युवाओं की एक बड़ी फौज है। इनमें मयंक और निक्की नामक युवकों के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। मजबूत पारिवारिक और राजनीतिक बैकग्राउंड वाले ये युवक आपराधिक गतिविधियों में सीधे तौर पर शामिल न होकर गैंग को वित्तीय मदद (फाइनेंस) पहुंचाते हैं। शंकर के जेल जाने या फरार होने की स्थिति में कानूनी पैरवी और जमानत की पूरी व्यवस्था इन्हीं के द्वारा की जाती है।

पीड़ित परिवार का आरोप— 'लोकल पुलिस से मिले संरक्षण के कारण हुई हत्या'

​विनीत उर्फ हनी राय के पिता और होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी आलोक राय 'डबलू' ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर दिए बयान में कहा कि कटरा गैंग लगातार उनके परिवार से रंगदारी मांग रहा था और उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। इस संबंध में उन्होंने डीजीपी, आईजी, एडीजी और एसपी को रजिस्टर्ड डाक से पत्र भेजकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी, लेकिन स्थानीय पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। आलोक राय ने यह भी आरोप लगाया कि गिरोह के सरगना ने शहर कोतवाली के सर्विलांस सेल में तैनात एक दारोगा को एक होटल में मुलाकात के दौरान 20 हजार रुपये के जूते उपहार में दिए थे, जिसके कारण अपराधियों को शह मिली।

​आधिकारिक वर्जन

​"विनीत राय हत्याकांड की जांच के लिए पुलिस की 5 से 6 टीमें गठित की गई हैं, जो सभी संभावित पहलुओं पर बारीकी से काम कर रही हैं। वर्तमान में आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिससे कई अहम सुराग मिले हैं। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।"

शेखर सेंगर, सीओ सिटी, गाजीपुर



Search
Recent News
Top Trending
Most Popular

Leave a Comment