ब्रेकिंग न्यूज़
सोमनाथ में श्रद्धा और शक्ति का सैलाब: पीएम मोदी ने डमरू बजाकर और त्रिशूल थामकर किया 'शौर्य यात्रा' का शंखनाद
शहर और राज्य राज्य

'दर्द' बलिया का, 'चिंता' फेफना की: पूर्व मंत्री नारद राय ने उठाया जनसमस्याओं का मुद्दा, डीएम को सौंपा लंबा-चौड़ा मांग पत्र

by on | 2026-05-19 21:42:05

Share: Facebook | Twitter | WhatsApp | LinkedIn Visits: 3203


'दर्द' बलिया का, 'चिंता' फेफना की: पूर्व मंत्री नारद राय ने उठाया जनसमस्याओं का मुद्दा, डीएम को सौंपा लंबा-चौड़ा मांग पत्र


बलिया । राजनीति में चेहरे बदलते हैं, दल बदलते हैं, लेकिन जनता की बुनियादी समस्याओं की कसक वही रहती है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री नारद राय के दिल में एक बार फिर बलिया जनपद और विशेषकर फेफना विधानसभा क्षेत्र के विकास का दर्द उमड़ा है। जनसमस्याओं को लेकर पूर्व मंत्री ने जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की और जनपद की ज्वलंत समस्याओं की तरफ उनका ध्यान आकर्षित कराते हुए एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

​पूर्व मंत्री ने साफ लहजे में कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन स्थानीय स्तर पर शिथिलता के कारण जनता परेशान है।

​निर्माणाधीन परियोजनाओं की कछुआ चाल पर उठाए सवाल

​नारद राय ने जिलाधिकारी से बातचीत के दौरान जनपद में चल रही बड़ी विकास परियोजनाओं की धीमी गति पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने मांग की कि निम्नलिखित महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि जनता को इनका लाभ मिल सके:

  • निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज और जिला जेल के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए।
  • जननायक चंद्रशेखर स्पोर्ट्स कॉलेज के कार्य को गति दी जाए।
  • जिला अस्पताल सहित ग्रामीण क्षेत्रों के CHC और PHC का सुदृढ़ीकरण कर स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाया जाए।

​नगर पालिका बलिया में भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन का आरोप

​शहर की सफाई व्यवस्था पर बेबाकी से बोलते हुए पूर्व मंत्री ने नगर पालिका परिषद बलिया की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कूड़ा डंपिंग की स्थायी व्यवस्था न होने से शहर में संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।

किराए की जेसीबी का खेल: नारद राय ने एक बड़ा खुलासा करते हुए आरोप लगाया कि नगर पालिका की अपनी तीनों जेसीबी मशीनें पिछले छह महीने से खराब पड़ी हैं। उनकी मरम्मत कराने के बजाय जानबूझकर किराए की जेसीबी लगाकर सरकारी धन का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने मानसून से पहले नगर के सभी बड़े नालों की मुकम्मल सफाई और जल निकासी सुनिश्चित करने की मांग की।


​फेफना विधानसभा की एक-एक समस्या पर बेबाक बात

​फेफना विधानसभा क्षेत्र के सम्यक विकास की पैरवी करते हुए पूर्व मंत्री ने बिजली, सड़क और पानी से जुड़ी समस्याओं की पूरी सूची जिलाधिकारी के सामने रख दी:

1. सड़क और ड्रेनेज व्यवस्था:

  • वैना-हल्दी बाईपास परियोजना के प्रथम चरण में वैना-बांसडीह रोड का निर्माण तत्काल शुरू कराया जाए।
  • सोहांव विकासखंड में मंगई नदी तक जाने वाली लगभग 15 किमी लंबी ड्रेनों की गुणवत्तापूर्ण सफाई हो।
  • चितबड़ागांव से मर्ची खुर्द, महरेंव और उसरौली को जोड़ने वाले क्षतिग्रस्त संपर्क मार्ग का पुनर्निर्माण कराया जाए।

2. जर्जर बिजली व्यवस्था और अधिकारियों की कमी:

  • ​फेफना विधानसभा के साउथ फीडर में विद्युत आपूर्ति सुचारू की जाए।
  • ​मंगई नदी पर गंगहरा से इंदरपुर जाने वाली 11,000 वोल्ट की लाइन के जर्जर तार-खंभे बदलकर उन्हें पुल मार्ग से ले जाया जाए।
  • ​कोटवां नारायणपुर क्षेत्र में NH-31 पर लटकते जर्जर बिजली के तारों को तत्काल बदला जाए।
  • नगर पंचायत रतसड़ विद्युत उपकेंद्र पर लंबे समय से जेई (JE) और एसडीओ (SDO) की तैनाती न होने से जनता बेहाल है, वहां तत्काल अधिकारियों की नियुक्ति हो।
  • ​चितबड़ागांव के चितेश्वर नगर, गुदरी बाजार, ठठेरी मोहल्ला और हाता मोहल्ला सहित कई इलाकों में जर्जर बुनियादी बिजली ढांचे को दुरुस्त किया जाए।

3. चितबड़ागांव नगर पंचायत की उपेक्षा:

  • ​चितबड़ागांव में एक आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कराया जाए।
  • ​बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय और शुद्ध पेयजल की मुकम्मल व्यवस्था हो।
  • मंडी समिति चितबड़ागांव की जर्जर सड़कों का जीर्णोद्धार हो और मंडी परिसर में पानी का इंतजाम किया जाए।
  • ​मान्यवर कांशीराम आवासों में रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था को बहाल किया जाए।

​पारदर्शी और तेज विकास की मांग

​पूर्व मंत्री नारद राय ने जिलाधिकारी से दोटूक शब्दों में कहा कि जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों में पूरी पारदर्शिता बरती जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रशासन को हर हाल में जनता के प्रति जवाबदेह होना पड़ेगा। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया है।



Search
Recent News
Top Trending
Most Popular

Leave a Comment