ब्रेकिंग न्यूज़
सोमनाथ में श्रद्धा और शक्ति का सैलाब: पीएम मोदी ने डमरू बजाकर और त्रिशूल थामकर किया 'शौर्य यात्रा' का शंखनाद
हेल्थ हेल्थ

सोनभद्र में फ्लोरोसिस का कहर: तीन माह में सात मौतें, सपा ने भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

by on | 2026-01-06 23:07:58

Share: Facebook | Twitter | WhatsApp | LinkedIn Visits: 3164


सोनभद्र में फ्लोरोसिस का कहर: तीन माह में सात मौतें, सपा ने भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

सोनभद्र: जनपद के कोन ब्लॉक में दूषित जल से होने वाली बीमारी फ्लोरोसिस ने विकराल रूप ले लिया है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने आरोप लगाया है कि पिछले तीन महीनों के भीतर इस घातक बीमारी के कारण सात ग्रामीणों की जान जा चुकी है। सपा कार्यकर्ताओं ने 'हर घर जल' योजना में व्यापक भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की।

कागजों पर 'हर घर जल', जमीन पर दूषित पानी

सपा नेताओं का कहना है कि सरकार की महत्वाकांक्षी 'हर घर जल नल' योजना जिले में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। कागजों पर योजनाएं पूरी दिखाई जा रही हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि ग्रामीण आज भी फ्लोराइड युक्त दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। इसी जहरीले पानी के कारण लोगों की हड्डियां गल रही हैं और वे असमय काल के गाल में समा रहे हैं।

इन सात ग्रामीणों की हुई मौत

सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने बताया कि पिछले तीन माह में जिन सात लोगों की मौत हुई है, उनमें कलायती, मनोहर चेरो, रघुवीर चेरो, संजय चेरो, बुद्धम धांगर और लक्ष्मी चेरो प्रमुख रूप से शामिल हैं। आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन इन मौतों को फ्लोरोसिस से न जोड़कर सामान्य बीमारी या शारीरिक कमजोरी बताकर पल्ला झाड़ लेता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इसका जिक्र नहीं किया जाता, जिससे पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता नहीं मिल पाती।

कचनरवां में स्थिति भयावह

कोन ब्लॉक की कचनरवां ग्राम सभा के कई टोले इस समस्या से सर्वाधिक प्रभावित हैं। यहाँ के लोग वर्षों से शारीरिक विकृति और असहनीय पीड़ा झेल रहे हैं। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि तत्काल प्रभाव से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो पार्टी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

ज्ञापन सौंपकर की ये माँगें:

 * जनपद में 'स्वच्छ जल हर घर जल नल' योजना को तत्काल धरातल पर क्रियान्वित किया जाए।

 * फ्लोरोसिस प्रभावित क्षेत्रों में विशेष मेडिकल कैंप लगाए जाएं।

 * मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए।

इस दौरान सपा नेता मनीष त्रिपाठी, सुरेश अग्रहरी, रमाशंकर सिंह, प्रमोद यादव और जीरक यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




Search
Recent News
Top Trending
Most Popular

Leave a Comment