ब्रेकिंग न्यूज़
झांसी हादसे में छोटे बेटे अबान की मौत, कसारी-मसारी में पिता-चाचा की कब्रों के पास ही होगा सुपुर्द-ए-खाक
ताजा खबर ताजा खबर

सत्येंद्र जैन की फिर गिरफ्तारी: दिल्ली जल बोर्ड टेंडर मामले में ACB का बड़ा एक्शन, कोर्ट में पेशी आज

by admin@bebak24.com on | 2026-08-19 12:16:35

Share: Facebook | Twitter | WhatsApp | LinkedIn Visits: 3081


सत्येंद्र जैन की फिर गिरफ्तारी: दिल्ली जल बोर्ड टेंडर मामले में ACB का बड़ा एक्शन, कोर्ट में पेशी आज

नई दिल्ली | बेबाक24 न्यूज़

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) टेंडर में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के मामले में एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने गिरफ्तार किया है। जैन समेत कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। उन्हें बुधवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया जाएगा।

ACB की कार्रवाई के बाद दिल्ली की राजनीति में भी आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। आम आदमी पार्टी ने गिरफ्तारी को राजनीतिक कार्रवाई बताया है, जबकि भाजपा ने इसे कथित भ्रष्टाचार के मामले में जवाबदेही तय करने की कार्रवाई बताया।

1943 करोड़ के टेंडर में कथित अनियमितताओं का मामला

यह मामला दिल्ली जल बोर्ड के करीब 1943 करोड़ रुपये के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़े टेंडर से संबंधित है। ACB का आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया में कुछ कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए शर्तों में कथित तौर पर बदलाव किए गए।

इस मामले में सत्येंद्र जैन के अलावा तत्कालीन डीजेबी सीईओ और आईएएस अधिकारी उदित प्रकाश राय, बोर्ड के पूर्व संविदा सलाहकार अंकित श्रीवास्तव, एएन एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर नागेंद्र यादव, यूरोटेक एनवायरमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक राजा कुमार कुर्रा और सृजनहार के प्रोपराइटर पंकज वर्मा को भी गिरफ्तार किया गया है।

AAP ने गिरफ्तारी को बताया राजनीतिक कार्रवाई

सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधा। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि कार्रवाई राजनीतिक उद्देश्य से की गई है।

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जैन की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि उन्हें एक बार फिर झूठे मामले में गिरफ्तार किया गया है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पहले का मामला भी फर्जी था और यह मामला भी अदालत में टिक नहीं पाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि जेल में बिताए समय और कथित मानसिक प्रताड़ना की भरपाई कौन करेगा।

सिसोदिया बोले- चुनाव से पहले बौखलाहट

आप नेता मनीष सिसोदिया ने भी गिरफ्तारी को लेकर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी भाजपा की बौखलाहट को दिखाती है।

वहीं, राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भी आप नेताओं की गिरफ्तारी के जरिए चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की गई थी और अब पंजाब में भी इसी तरह की रणनीति अपनाई जा रही है।

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने भी गिरफ्तारी को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया।

भाजपा का पलटवार- कुर्सी बदल सकती है, फाइलें नहीं

सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सत्ता जवाबदेही को टाल सकती है, लेकिन उसे खत्म नहीं कर सकती।

प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड की एसटीपी टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के मामले में अब पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी हुई है। उनके मुताबिक, "कुर्सी बदल सकती है, लेकिन फाइलें नहीं।"

पहले भी करीब 2 साल जेल में रहे जैन

सत्येंद्र जैन इससे पहले भी जांच एजेंसी की कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें 30 मई 2022 को कथित मनी लांड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था।

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले 18 अक्तूबर 2024 को अदालत ने उन्हें जमानत दी थी। जैन करीब 872 दिन तिहाड़ जेल में रहे।

जेल में रहने के दौरान उन्हें कथित तौर पर वीआईपी सुविधाएं मिलने को लेकर भी विवाद हुआ था। ईडी ने अदालत में हलफनामा और तस्वीरें पेश कर इस संबंध में आरोप लगाए थे। आम आदमी पार्टी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए जैन की खराब तबीयत का हवाला दिया था।

अब नजर राउज एवेन्यू कोर्ट पर

ACB की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में अगली अहम कड़ी राउज एवेन्यू कोर्ट में होने वाली पेशी है। अदालत में जांच एजेंसी गिरफ्तारी के आधार और आगे की जांच की जरूरत को लेकर अपना पक्ष रख सकती है। वहीं सत्येंद्र जैन की ओर से गिरफ्तारी और आरोपों का विरोध किए जाने की संभावना है।



Search
Recent News
Top Trending
Most Popular

Leave a Comment