ब्रेकिंग न्यूज़
झांसी हादसे में छोटे बेटे अबान की मौत, कसारी-मसारी में पिता-चाचा की कब्रों के पास ही होगा सुपुर्द-ए-खाक
राजनीति राजनीति

कानपुर में भाजपा नेता को बंधक बनाकर 34 लाख की लूट

by on | 2026-10-14 13:19:10

Share: Facebook | Twitter | WhatsApp | LinkedIn Visits: 3006


कानपुर में भाजपा नेता को बंधक बनाकर 34 लाख की लूट

कानपुर | बेबाक24 न्यूज़

उत्तर प्रदेश के कानपुर में भाजपा के अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश सचिव रमेश यादव के फार्म हाउस में घुसकर 2 नकाबपोश बदमाशों ने 34 लाख रुपये का माल लूट लिया। सोमवार देर रात बदमाशों ने तमंचे और चाकू के बल पर उन्हें बंधक बनाया, हाथ-पैर टेप से बांधे और मुंह में तौलिया ठूंसकर बाथरूम में बंद कर दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

12 लाख नकद और कीमती आभूषण ले गए

रमेश यादव के मुताबिक, वह सोमवार रात करीब 10:15 बजे लखनऊ से लौटकर सेन पश्चिम पारा स्थित अपने फार्म हाउस पहुंचे थे। सुरक्षा कर्मियों और चालक के चले जाने के बाद करीब 11 बजे काले कपड़े पहने 2 नकाबपोश उनके कमरे में घुस आए। एक के पास तमंचा और दूसरे के पास चाकू था।

बदमाशों ने अलमारी के लॉकर से 12 लाख रुपये नकद निकाले। इसके अलावा सोने की 2 चेन, एक कड़ा और 2 कीमती घड़ियां भी लूट लीं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है।

2 करोड़ रुपये भी मांगे

रमेश के अनुसार, बदमाशों ने उनसे कहा कि वे परेशान हैं और उन्हें 2 करोड़ रुपये दे दें। जब उन्होंने किसी को फोन करने की बात कही तो बदमाशों ने उनके साथी बलराम का नाम लिया।

वारदात के बाद बदमाशों ने रमेश के हाथ-पैर टेप से बांध दिए और मुंह में तौलिया ठूंसकर गमछे से कस दिया। इसके बाद उन्हें बाथरूम में डाल दिया। रमेश ने बताया कि बदमाशों ने पानी की बोतल, तौलिया और मोबाइल भी दिया। उन्होंने बजरंगबली की कसम दिलाते हुए घटना किसी को न बताने की बात कही।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दोनों बदमाश रात करीब 10:20 बजे फार्म हाउस में दाखिल हुए और बाद में दीवार फांदकर भागते दिखाई दिए। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय मुख्य द्वार पर तैनात 2 सुरक्षा कर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

खुद को बंधन से मुक्त करने के बाद रमेश ने अपने साथियों को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात में किसी करीबी की भूमिका हो सकती है।

खुलासे के लिए 8 टीमें गठित

अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शुरुआती जांच में बदमाशों के आने और भागने का रास्ता एक ही होने की बात सामने आई है। पुलिस ने गांव के 3-4 संदिग्धों से पूछताछ शुरू की है और घटना के खुलासे के लिए 8 टीमें लगाई गई हैं।

रमेश यादव बिधनू से 3 बार ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं और बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। हाल ही में उन्हें भाजपा के अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रदेश सचिव बनाया गया था।

बेबाक24 टेक: कानपुर में भाजपा नेता के फार्म हाउस में हुई लूट के मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों के आधार पर जांच कर रही है। 34 लाख रुपये के माल की लूट और सुरक्षा कर्मियों को भनक न लगने के पहलुओं की जांच के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।



Search
Recent News
Top Trending
Most Popular

Leave a Comment